गढ़वा : उच्च न्यायालय झालसा, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा, राजेश शरण सिंह के आदेशानुसार 21 अगस्त 2024 को विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय गढ़वा के सेमिनार हॉल और वृद्ध आश्रम नगर ऊंटारी में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा, रवि चौधरी, एसीजेएम अरविंद कश्यप, न्यायिक पदाधिकारी शरत निशिकांत कुजूर, और साकिया कैसर ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, वृद्धा पेंशन, और भरण पोषण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सभी लाभों से उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को अवगत कराया और उनकी समस्याओं का समाधान करने का हर संभव आश्वासन दिया।
Advertisement
कार्यक्रम का संचालन पीएलवी कृष्णानंद दुबे ने किया। उन्होंने बताया कि यह दिवस बुजुर्गों के मान-सम्मान को जागरूक करने और उनके द्वारा किए गए बलिदानों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी वरिष्ठ नागरिक को कोई समस्या आती है, तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय गढ़वा में आवेदन देकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों को लड्डू खिलाकर विदाई दी गई। इस अवसर पर डीएलएसए के सहायक अमर कुमार, राजेश कुमार, और सूर्य देव चौधरी भी उपस्थित थे।