गढ़वा : उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर ने आज समाहरणालय स्थित सभगार में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया।
आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, मानदेय भुगतान, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
सर्वप्रथम केतार प्रखंड के पाचाडुमर निवासी रविंद्र कुमार पासवान ने मनरेगा योजना अंतर्गत बिरसा संवर्धन कूप सिंचाई योजना के तहत स्वीकृत राशि की निकासी बिना कूप निर्माण किये ही निकाल देने की शिकायत की है।
Advertisement
उन्होंने बताया कि लाभुक देवंती देवी पति भुवनेश्वर राम के नाम पर उक्त योजना के तहत स्वीकृत राशि की निकासी जनप्रतिनिधियों, कनीय अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी के मिलीभगत से बिना कूप निर्माण के ही राशि की निकासी कर सरकारी राशि का गबन किया गया है। उन्होंने उक्त मामले की जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
भंडरिया प्रखंड के छेतकी निवासी आशा कुमारी तिग्गा ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने पति, जो सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, के विरुद्ध घरेलू हिंसा करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि उनके पति मारकुस कुजूर उनके मायके स्थित घर का ताला तोड़कर जबरदस्ती रहते हैं एवं उन्हें बेघर करने कर दिया गया है।
Advertisement
उन्होंने अपने पति के अवैध संबंध होने एवं उनके साथ शराब पीकर मारपीट करने की भी शिकायत की है। उक्त आवेदन के माध्यम से उन्होंने अपना घर वापस दिलाने एवं जान-माल की सुरक्षा करने की गुहार लगाई है।
विकास कुमार विद्यार्थी, सहायक शिक्षक राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोरटा डंडा द्वारा आवेदन समर्पित करते हुए अपने निलंबन अवधि का वेतन एवं वार्षिक वेतन वृद्धि की स्वीकृति देने के संबंध में अनुरोध किया गया है। उन्होंने ने बताया कि जिसके कारण वे निलंबित थे, न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश- 19 सासाराम रोहतास बिहार के द्वारा उन्हें उन पर लगाये गये आरोपों से दोष मुक्त किया गया है। अतः उन्होंने विगत वित्तीय वर्षों का बकाया राशि का भुगतान करने एवं वार्षिक वेतनवृद्धि की स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।
Advertisement
सगमा प्रखंड के सोनडीहा निवासी चंदन कुमार यादव ने आवेदन समर्पित करते हुए बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत मजदूरों का मजदूरी भुगतान करने के संबंध में आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि कूप निर्माण कार्य को लेकर लाभुक द्वारा कर्ज़ लेकर स्वयं सामग्री की व्यवस्था करते हुए योजना को पूर्ण करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त योजना के तहत ₹50000 की राशि संबंधित प्रखंड में आ चुकी है परंतु अभी तक लाभुक के खाते में राशि हस्तान्तरित नहीं की गई है, जिसके कारण मजदूरों की मजदूरी भुगतान एवं क्रय किये गए सामग्री का भुगतान करने में समस्या आ रही है। अतः उन्होंने अनुरोध किया है कि उक्त राशि लाभुकों के खाते में जल्द से जल्द भेजने की कृपा की जाए।
Advertisement
इस प्रकार बारी-बारी से लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा।
आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।