गढ़वा : भाजपा डंडा मंडल की बैठक नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष नंदु चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान निवर्तमान मंडल अध्यक्ष लखन चौधरी और जिला मीडिया प्रभारी सह मंडल प्रभारी रितेश चौबे ने नंदु चौधरी को पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर भ्रष्ट हेमंत सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 23 अगस्त को रांची में आयोजित युवा आक्रोश रैली में मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके साथ ही 21 अगस्त को गढ़वा जिला मुख्यालय पर आयोजित मशाल जुलूस में भी शामिल होने का निर्णय लिया गया।
जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झामुमो सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने युवाओं, महिलाओं और गरीब जनता को धोखा दिया है।
Advertisement
राज्य में माफिया राज और गुंडाराज का बोलबाला है, और गढ़वा रंका विधानसभा क्षेत्र लूट का केंद्र बन चुका है। भाजपा कार्यकर्ता अब इस सरकार के खिलाफ कमर कस चुके हैं और 23 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष नंदु चौधरी ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार को हटाना जनता का पहला कर्तव्य है। उन्होंने आह्वान किया कि डंडा प्रखंड से सैकड़ों लोग रांची में होने वाली युवा आक्रोश रैली में भाग लेंगे।
इस बैठक में कई प्रमुख भाजपा नेता और कार्यकर्ता, जिनमें यदु चौधरी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शोभा देवी, डॉ. रामलाल मेहता, बीरेंद्र साव, सुशील पाल, और अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।