भवनाथपुर : सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को प्रखंड भर के शिवालयों में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं में पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेशंकर पर फल, फूल, नैवेद्य, भांग, धतूरा, बेलपत्र आदि चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही शिवलिंग पर जलाभिषेक कर अपने परिवार की मंगल कामना की। पूरे प्रखंड में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे, जिससे शहर और गांवों का वातावरण भक्तिमय हो गया।
टाउनशिप दुर्गा मंदिर, सीडी शिव मंदिर, टाउनशिप गोलंबर स्थित बजरंगबली मंदिर, अरसली दुर्गा मंदिर, देवी धाम, बाजार दुर्गा मंदिर, थाना शिव मंदिर समेत ग्रामीण क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
Advertisement
मंदिर कमेटियों ने अंतिम सोमवारी को लेकर विशेष सजावट की थी। थाना परिसर स्थित मंदिर में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। पूजन को लेकर शिवभक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला।