गढ़वा : शनिवार को आईएमए गढ़वा ने सदर अस्पताल परिसर में ओपीडी सेवाओं को बंद रखते हुए एक दिवसीय धरना का आयोजन किया। धरने में उपस्थित डॉक्टरों ने हाल ही में घटित घटना पर कड़ा विरोध जताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। डॉक्टरों ने सवाल उठाया कि वे दिन-रात सेवा भावना के साथ मरीजों की जान बचाने के लिए तत्पर रहते हैं, फिर भी उनकी सुरक्षा की गारंटी क्यों नहीं है?
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एनके रजक और सचिव डॉ. पंकज प्रभात सहित अन्य डॉक्टरों ने कहा कि सुरक्षा की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तो वे बड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।
Advertisement
धरने में आईएमए के सभी सदस्य डॉक्टर उपस्थित थे। उधर, नीमा के बैनर तले आयुष चिकित्सकों ने भी हड़ताल करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग की। इस मौके पर डॉ. संजय कुमार, डॉ. अनिल साव, डॉ. गौरव विक्रम, डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, डॉ. पतंजलि केसरी, विकास केसरी, अभिमन्यु पाठक और डॉ. जेपी ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।