गढ़वा : आगामी विधानसभा आम निर्वाचन, 2024 की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया की सुचारू रूप से संपन्नता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से कमजोर/गंभीर मतदान केन्द्रों की पहचान, अंतर्राज्यीय और अंतरजिला चेकपोस्ट की स्थापना, रिलोकेशन, P-2 डिस्पैच, P+1 आगमन, हेलीकॉप्टर ड्रॉपिंग, इंटरमीडिएट स्ट्रॉन्ग रूम, क्लस्टर, और मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के विषयों पर गहन समीक्षा की गई। इसके अलावा, विगत लोकसभा आम निर्वाचन 2024 में 50% से कम मतदान वाले केन्द्रों की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Advertisement
बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय, सभी जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी उपस्थित थे। इस दौरान, पिछले लोकसभा चुनाव की सफल कार्यान्वयन की बात करते हुए आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए तैयारियों को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी शेखर जमुआर ने सभी अधिकारियों से न्यूनतम सुविधा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युतीकरण, और रैंप जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने की बात कही।
Advertisement
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव के सफल आयोजन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे धोती साड़ी वितरण योजना, साइकिल वितरण योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, अबुआ आवास योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और छात्रवृत्ति योजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।