गढ़वा : उच्च विद्यालय ओबरा में पर्यावरण परिवार की टीम द्वारा 30 पौधे लगाए गए, जिसमें नीम, गुलमोहर, कचनार, अशोक और आंवला जैसे पौधे शामिल थे। विद्यालय परिवार द्वारा पहले से ही पौधारोपण के लिए गड्ढे तैयार किए गए थे। अब तक पर्यावरण परिवार द्वारा 1500 पौधों का रोपण और वितरण किया जा चुका है, और टीम जल्द ही 2000 पौधों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयासरत है।
कार्यक्रम की शुरुआत गढ़वा की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी श्रीमती रंभा चौबे ने विद्यालय के गेट पर अशोक का पौधा लगाकर की। इस अवसर पर बीआरसी गढ़वा की तरफ से श्रीमती रंभा चौबे, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एडमॉन कच्छप, प्रभाकर सिन्हा और पंकज सिन्हा उपस्थित थे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक राजकुमार पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकों और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी भाग लिया।
Advertisement
बच्चों के इको क्लब की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। पर्यावरण परिवार की टीम के सदस्यों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया, जिससे यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।