मझिआंव : जिले के मझिआंव में 200 रुपये की लालच में एक नशे में धुत युवक ने उफनती कोयल नदी में छलांग लगा दी। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 भंडारी टोला निवासी मनोज साव ने कुछ चंद पैसों के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। जानकारी के अनुसार, पानी टंकी घाट पर कुछ लोगों ने मनोज को उकसाते हुए कहा कि कोयल नदी के तेज बहाव में कूदने पर 200 रुपये मिलेंगे। मनोज साव ने यह चुनौती स्वीकार करते हुए नदी में छलांग लगा दी।
इस घटना की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई और मामला थाने तक पहुंचा। थानेदार आकाश कुमार ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर मनोज को गहीड़ी कोयल नदी घाट से सुरक्षित निकालकर थाना लाया। थानेदार के अनुसार, मनोज नशे में धुत था और बचाव के दौरान उसने एक व्यक्ति को काटकर जख्मी भी कर दिया।
Advertisement
घटना के संबंध में अब तक किसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन थाना प्रभारी ने कहा कि जो भी व्यक्ति मनोज को जान जोखिम में डालने या आत्महत्या के लिए उकसाने में शामिल पाया जाएगा, उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मनोज साव को सुरक्षा के ख्याल से थाना में रखा गया है।