बड़गड़ : बड़गड़ प्रखंड में डालटनगंज-भंडरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की संभावित प्रत्याशी डालटनगंज की प्रथम मेयर भाजपा नेत्री अरूणा शंकर ने सोमवार को बड़गड़ प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बड़गड़ बाजार में बाजे-गाजे के साथ तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा द्वारा आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत डोर टू डोर लोगों से मुलाकात कर उन्हें तिरंगा भेंट की।
भाजपा नेत्री अरूणा शंकर के नेतृत्व में बड़गड़ स्थित वन विभाग परिसर मुख्य पथ से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। जो बाजार स्थित दूर्गा मंदिर चौक, हनुमान मंदिर चौक होते हुए मध्य विद्यालय तक तथा उगरा रोड स्थित बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया।
Advertisement
इस बीच कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए भारत की आजादी के वर्षगांठ मनाने को लेकर देश भक्ति नारे व भारत माता का जयघोष किया।
इस मौके पर मेयर अरूणा शंकर ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे देश की आन बान और शान है। हमें तिरंगे को धर्म, जाति समुदाय से अलग हटकर इसके शान को उचित सम्मान देनी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देश के सभी नागरिकों के घरों पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा लगाना है। इसे सफल बनाने के लिए हम सभी भाजपा कार्यकर्ता लगे हैं।
तिरंगा यात्रा में मुख्य रूप से भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश केसरी, प्रेम सागर जयसवाल, अरविंद जयसवाल, परशुराम सिंह, सुनिता देवी, रामचंद्र सिंह, परमानन्द सिंह, संजय गुप्ता, कृष्णा प्रसाद अग्रवाल, गुप्तेश्वर प्रसाद, प्रकाश सोनी, भोला प्रसाद, सुनील दास, यमुना सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।