गढ़वा : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त शेखर जमुआर ने आज जनता दरबार का आयोजन किया। इस दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं क्रमवार तरीके से सुनी गईं और उनके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। आज के जनता दरबार में पेंशन, भूमि विवाद, राशन, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजना का लाभ समेत अन्य समस्याओं को लेकर ग्रामीण उपस्थित हुए थे।
जनता दरबार में सबसे पहले ग्राम मझिआंव से आए अरविंद कुमार ने अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि पहले उनका नाम राशन कार्ड में था, लेकिन बिना कारण बताए इसे हटा दिया गया। कई बार आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।
Advertisement
मझिआंव प्रखंड की शोवयबा बीबी ने अपने आवेदन के माध्यम से बताया कि उन्हें 2021 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था। लेकिन अब उनका पति मकान को बेचने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि उनके पति को मकान बेचने से रोका जाए ताकि वह अपने बच्चों के साथ उस मकान में रह सकें।
मेराल से आए आलम हुसैन ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उन्हें पांच माह से वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा, पीएम किसान योजना की एक किस्त का पैसा भी उन्हें नहीं मिला है। बैंक से पता चला कि उनका आधार किसी दूसरे के बैंक खाते से लिंक होने की वजह से यह राशि दूसरे के अकाउंट में जा रही है। उपायुक्त ने इस समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया।
Advertisement
भवनाथपुर से आईं पानपति देवी ने बताया कि उनके पशु शेड का निर्माण हुए तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसके मटेरियल का भुगतान नहीं हुआ है। मुखिया पति द्वारा पैसे की मांग की जाती है। उन्होंने जांच कर भुगतान करने का अनुरोध किया।
इनके अलावा भी कई लोगों ने अपनी समस्याएं पदाधिकारी के समक्ष रखीं। आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।