भवनाथपुर : भवनाथपुर थाना पुलिस ने बीते रविवार को एक युवती से कड़िया धाम के पास लूटे गए मोबाइल और पंद्रह सौ रुपये की लूट के आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर घटना का उद्भेदन कर दिया। इस सफलता पर उद्भेदन टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को श्री बंशीधर नगर से आकाश कुमार मौर्य अपने युवती पड़ोसी को स्कूटी से टाउनशिप छोड़ने आ रहे थे। कड़िया धाम के पास लाठी और पत्थर का भय दिखाकर दो लोगों ने स्कूटी लूटने का प्रयास किया, जिसमें वे असफल रहे, लेकिन युवती के पर्स से पंद्रह सौ रुपये नगद और एक ओपो मोबाइल लूट लिया।
Advertisement
घटना के बाद युवती द्वारा भवनाथपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार के निर्देशन में टीम गठित कर जांच पड़ताल की गई, जिसमें दिलीप चंद्रवंशी और नवीन कुमार सिंह, दोनों मकरी कड़िया निवासी, को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पैसों के लालच में उन्होंने यह घटना की थी। लूटे गए पैसों में खर्च के बाद बचे 720 रुपये को पुलिस ने जप्त कर लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि दिलीप चंद्रवंशी एक वर्ष पूर्व भी लूटपाट के केस में जेल जा चुका है।
गठित पुलिस टीम में थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, एसआई प्रदीप उरांव, नारायण प्रसाद, एएसआई संतोष सिंह शामिल थे।