गढ़वा : गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने राज्य वासियों से अपील करते हुए कहा है कि सभी योग्य लाभुक मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ निश्चित रूप से उठायें। निर्धारित समय पर फॉर्म भरकर झारखंड सरकार के इस अति महत्वकांक्षी योजना को सफल बनायें। उन्होने कहा है कि पहली बार राज्य की महिलाओं का सशक्तिकरण के लिए व्यापक स्तर पर योजना चलायी जा रही है। गढ़वा सहित पूरे राज्य की माताएं एवं बहनें इसका लाभ जरूर उठायें।
मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य की महिलाओं की स्वास्थ्य, पोषण शिक्षा, आर्थिक पिछड़ापन आदि को ध्यान में रखते हुए इसमें सतत सुधार, महिला सशक्तिकरण एवं उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए राज्य सरकार ने इस योजना की शुरूआत की है।
Advertisement
इसके तहत 21 से 49 वर्ष आयु की सभी युवतियों एवं महिलाओं को राज्य सरकार की ओर से एक हजार रूपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके लिए जिले के सभी पंचायतों, नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में तीन से 10 अगस्त तक कैंप आयोजित कर फॉर्म जमा लिया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, किसी भी प्रकार का राशन कार्ड, आधार लिंक एकल बैंक खाता पासबुक एवं मोबाइल नंबर आवश्यक है। एक अगस्त से फॉर्म भरने का कार्य प्रारंभ हो जायेगा। इसके लिए फार्म आंगनबाड़ी केंद्रों में निःशुल्क फॉर्म दिया जाएगा। 3 अगस्त से 10 अगस्त के बीच ग्रामीण क्षेत्र के लोग पंचायत भवन, प्रखंड कार्यालय तथा शहरी क्षेत्र के लोग अंचल कार्यालय में आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
Advertisement
आवेदन जमा करते समय अपना मोबाइल साथ में लेकर जाना है। उसमे फार्म भरने का ओटीपी आयेगा। जिन लोगों का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है उन्हें दिसंबर 2024 तक ही इसका लाभ मिल सकता है। इस दौरान उन्हें लिंक कराना अनिवार्य होगा। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि इस योजना की राज्य की सभी महिलाएं स्वावलंबी बनने की ओर अग्रसर होंगी।