रमना (गढ़वा) : थाना क्षेत्र मड़वनीया सुखड़ा शिव मंदिर के निकट एनएच 75 पर रविवार सुबह साढे छह बजे ट्रक की चपेट में आने से मड़वनिया निवासी सकेंद्र यादव के दस वर्षीय पुत्री नीलम कुमारी की मौत मौके पर ही हो गई।जबकि घायल अवस्था में सकेंद्र को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया। सकेंद्र, पुत्री नीलम को साईकिल पर बैठाकर भागोडीह की ओर से मड़वनीया आ रहा था जैसे ही एनएच पर चढ़ा संतुलन बिगड़ने पर सड़क पर गिरी नीलम ट्रक के चपेट मे आ गई।
घटना के बाद श्री बंशीधर नगर की ओर जा रहे ट्रक को मृतक के परिजनों ने पीछा कर सर्वेश्वरी चौक के समीप पकड़ लिया। मौके पर पहुंची रमना थाना की पुलिस ने चालक सहित ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
वहीं घटना स्थल पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पचास हजार रुपए नकद, आवास और खाद्यान्न की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुनील कुमार पटेल, मुखिया अखिलेश्वर पांडेय व प्रखंड नाजिर रामानुज शुक्ल ने काफी मशक्कत के बाद दस हजार नकद और खाद्यान्न देने तथा मृतक के स्वजन को आवास की अनुशंसा करने की की घोषणा के बाद साढे आठ बजे जाम समाप्त होने के बाद शव उठाया जा सका।