गढ़वा : शहर के रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप मंगलवार को सोशल वर्कर संस्था के तत्वावधान में भंडारा का आयोजन किया गया। भंडारे में प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, बुंदिया और रसगुल्ला का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी विवेक कश्यप और जय पटवा ने विशेष दिन पर संस्था के साप्ताहिक भंडारा में सहयोग किया। जय पटवा ने अपने भाई की पुत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित कर अपने मन की प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि सोशल वर्कर संस्था का "फूड फॉर हंगर" सबसे बेहतर प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन कराकर मन को तृप्त किया जा सकता है। उन्होंने इस प्रकार के कार्य को निरंतर जारी रखने पर बल दिया और हमेशा संस्था के साथ खड़ा रहने का आश्वासन दिया।
Advertisement
जय पटवा ने यह भी बताया कि संस्था के युवाओं द्वारा रक्तदान के माध्यम से सैकड़ों जिंदगियाँ बचाई जा रही हैं, और उन्होंने इन युवाओं के हौसले की सराहना की। संस्था के संचालक आकाश केशरी ने बताया कि शहर के लोग "फूड फॉर हंगर" प्रोजेक्ट को अनवरत जारी रखने में सहयोग दे रहे हैं और इस पुनीत कार्य में महिलाएँ और बहनें भी हाथ बटा रही हैं।
इस कार्यक्रम में विशेष रूप से संस्था के 37वें साप्ताहिक भंडारे में विवेक कश्यप और जय पटवा ने अपने विशेष दिन पर भरपूर सहयोग किया। इस अवसर पर सदस्य शुभम केशरी, अनमोल कश्यप, शुभम चौबे, उमंग सोनी, विकास गुप्ता, बाला केशरी, और संस्था के मीडिया प्रभारी अंशु कांस्यकार आदि उपस्थित थे।