भवनाथपुर : भवनाथपुर जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर को राष्ट्रीय नाई महासभा के तत्वावधान में झारखंड में केश कला बोर्ड के गठन और नाई समाज के उत्थान के लिए अनुसूचित जाति में शामिल करने के संबंध में मांग पत्र सौंपा है।
मांग पत्र में रंजनी शर्मा ने उल्लेख किया कि झारखंड में केश कला बोर्ड का गठन कर नाई समाज के लिए पद सुरक्षित किए जाएं और नाई समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किया जाए। यह कदम झारखंड प्रदेश के नाई समाज के जनहित में अति आवश्यक है और इससे समाज का उत्थान संभव हो सकेगा।
रंजनी शर्मा ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए निवेदन किया कि राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.के. ठाकुर के कुशल नेतृत्व में लंबे समय से प्रत्येक जिला और प्रदेश मुख्यालय में नाई समाज का सम्मेलन, धरना, प्रदर्शन और आंदोलन आयोजित किए जा रहे हैं।
Advertisement
इसमें प्रमुख मांग रही है कि झारखंड राज्य में केश कला बोर्ड का गठन कराकर इसका पद नाई समाज के लिए सुरक्षित किया जाए और नाई समाज को अनुसूचित जाति में शामिल कर समाज का उत्थान किया जाए।
मुख्यमंत्री के गढ़वा और पलामू आगमन पर भी मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कुशल नेतृत्व में मांग पत्र समर्पित कर ध्यान आकृष्ट कराया गया है। इस मांग पत्र का होना झारखंड प्रदेश के नाई समाज के उत्थान के लिए जनहित में अति आवश्यक है।
मांग पत्र सौंपने में राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश सचिव सह भवनाथपुर जिला परिषद सदस्य रंजनी कुमारी उर्फ रंजनी शर्मा, राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश मार्गदर्शक सदस्य कुंदन कुमार ठाकुर, समाज कल्याण सेवा संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार ठाकुर और अन्य राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश प्रतिनिधि शामिल थे।