भवनाथपुर : सावन माह के दूसरे सोमवार को सामाजिक संस्था सोशल इनोवेशन ग्रुप के तत्वावधान में भवनाथपुर प्रखंड अंतर्गत शिव पहाड़ी गुफा के पहाड़ी पर एक रुद्राक्ष और दस अन्य फलदार पौधे लगाए गए। इस कार्यक्रम के दौरान संस्थापक सदस्य सूर्य प्रकाश सिंह और प्रथम चौबे ने बताया कि उनकी संस्था पिछले दस-ग्यारह वर्षों से पर्यावरण संरक्षण और संतुलन के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, "आज हम यहां शिव पहाड़ी में ग्यारह पौधे लगाए, जिनमें से एक रुद्राक्ष का पौधा है, जो भगवान शिव के सबसे प्रिय पौधों में से एक है। इस सावन में हमारी संस्था आसपास के सभी शिवालयों में एक-एक रुद्राक्ष का पौधा लगाने का निर्णय लिया है, जिसका देखभाल भी संस्था द्वारा किया जाएगा।
Advertisement
"
शिव पहाड़ी गुफा मंदिर के समिति के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, "आज शिव पहाड़ी मंदिर प्रांगण में इस क्षेत्र के सबसे सक्रिय संस्था ने पौधारोपण किया है। समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो निःस्वार्थ भाव से पर्यावरण और समाज के लिए सोचते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन सरकार का पर्यावरण की तरफ कोई ध्यान नहीं है, जिससे ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं आ रही हैं। अगर अभी हम सब मिलकर प्रकृति को नहीं बचाएंगे, तो आने वाला भविष्य भयावह और डरावना होगा।
इस अवसर पर संस्था के अभिभावक संरक्षक सेवानिवृत्त शिक्षक जे.के. तिवारी, संस्थापक सदस्य अभिषेक तिवारी, बाबू साहब, मंदिर समिति के ओमप्रकाश आर्या, चंद्रकेश्वर गुप्ता, चंदन गुप्ता, अनिल साह, अरविंद गुप्ता, संजय शाह, फागू कुमार, शत्रुघ्न कुमार, शैलेश कुमार, सूरज, नन्हक, सोनू, अनुप कुमार और काफी संख्या में शिव भक्त और ग्रामीण उपस्थित थे।
Advertisement
समिति का उद्देश्य है कि शिव पहाड़ी गुफा मंदिर को पर्यटन स्थल का दर्जा दिलवाया जाए, जिससे इस क्षेत्र का विकास हो सके। ऐसा गुफा पूरे झारखंड में नहीं है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण यह स्थल उपेक्षित है।