डंडई : सावन माह की दूसरी सोमवारी पर प्रखंड के विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रखंड के लवाही गांव स्थित बाबा मंगरदह महादेव मंदिर तथा तसरार पंचायत स्थित जोगिया पहाड़ी शिव मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
लवाही मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी को लगभग एक हजार कांवरिया व डाक बम ने छत्तीसगढ़ के बालचौरा से जल उठाकर बाबा मंगरदह महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। अहले सुबह 6 बजे मंदिर के पुजारी कैलाश पाठक व दीनदयाल पाठक द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर जलाभिषेक शुरू किया गया।
इसके पश्चात कांवरिया व डाक बम सहित अन्य श्रद्धालु के द्वारा जलाभिषेक को लेकर शाम चार बजे तक मंदिर परिसर में तांता लगा रहा।
Advertisement
वहीं कांवरिया व डाक बम के जयघोष से दिन भर मंदिर में गूंजता रहा। कांवरिया व डाक बम के द्वारा जय शिव शंकर, हर-हर महादेव, बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है आदि जयघोष लगा रहे थे। बाबा मंगरदह महादेव मंदिर परिसर में सावन को लेकर भव्य मेला का आयोजन किया गया है।
श्रद्धालुओं की सेवा में मुखिया बच्चा लाल गुप्ता द्वारा चाय तथा पूर्व मुखिया पुत्र दिलीप पटवा के द्वारा दवा की व्यवस्था की गई है।