गढ़वा : थाना क्षेत्र के उरसुगी गांव के कुसमहा टोला में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दुखन विश्वकर्मा, उनकी पत्नी सीमा देवी, लक्ष्मण विश्वकर्मा, सत्येंद्र विश्वकर्मा और अजय विश्वकर्मा शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दुखन विश्वकर्मा और लक्ष्मण विश्वकर्मा को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में दुखन विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि सूर्य देव उरांव, सीत रोहन उरांव, ब्रह्मदेव उरांव, नरेश उरांव और राजू उरांव ने उनके केवाला जमीन को अपना बताकर विवाद किया। उन्होंने बताया कि इस विवाद को लेकर कई बार गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग पंचायत के फैसले को नहीं माने।
Advertisement
इसके बाद सरकारी अमीन को बुलाकर जमीन की नापी कराई गई और खुटा गड़ा गया, लेकिन फिर भी दूसरे पक्ष के लोगों ने इसे नहीं माना।
दुखन विश्वकर्मा ने आगे बताया कि थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने इसे भी नहीं माना। सोमवार को उक्त भूमि को अपना बताकर विवाद करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सभी लोग एकजुट होकर मारपीट कर उन्हें और उनके परिवार को घायल कर दिया।