मझिआंव : जिला खनन पदाधिकारी योगेंद्र बडाईक एवं एसडीपीओ बहामन टूटी के द्वारा संयुक्त रुप से बीती अर्धरात्रि थाना क्षेत्र के विभिन्न सड़कों पर विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
इस दौरान थाना क्षेत्र के बुढ़ी खांड़, गांव के समीप मुख्य सड़क से गुजर रहे अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर एवं गिट्टी लदे एक हाईवा व एक टिपर वाहन को जप्त किया गया है। इसी दौरान अचानक प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना मिली कि बरडीहा एवं कांडी मुख्य सड़क के बीच अवैध तेंदूपत्ता से लादा 2 पिकअप सड़क मार्ग से गुजर रहा है, तत्पश्चात सूचना के आलोक में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार एवं थाना प्रभारी योगेंदर कुमार अपने विभागीय प्रशिक्षु एसआई नवीन शर्मा, विवेक पंडित, शिव लाल गुप्ता, सोनू प्रसाद, जामा खड़ीया समेत सशस्त्र पुलिस बल के साथ विशेष छापामारी अभियान चलाते हुए, दो पिकअप पर अवैध केंदू पता लदा वाहन को जप्त कर थाना लाया गया।
इस छापामारी प्रकरण में कुल आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया। जिसमें विकेश कुमार दिहाड़ी मजदूर, फुटून प्रजापति एवं रामाकांत प्रसाद ये तीनों तेंदूपत्ता के अभियुक्त हैं। जबकि प्रतिबंधित नदियों से बालू का उठाव कर ट्रैक्टर द्वारा परिवहन करने के दोषी धर्मेंद्र पाल, मुनीब उरांव एवं टीपर वाहन से बगैर चालान के गिट्टी का परिवहन करने के दोषी अखिलेश मेहता मुख्य रूप से शामिल हैं। जबकि गिट्टी से लदा ओवरलोडिंग हाईवा को भी जप्त किया गया है।
तो दूसरी ओर करूई गांव में उत्पन्न मछली विवाद के आरोपी बनवारी सिंह एवं प्रसाद सिंह को भी शनिवार को जेल भेजा गया है।
इधर इस छापामारी से अवैध तरीके से खनिज संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जबकि दूसरी ओर छापामारी अभियान से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।