गढ़वा : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज कुमार दुबे ने पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क जैसी किसी भी क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कर पाए। अब वे मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
दरअसल, गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रामकंडा प्रखंड के उदयपुर पंचायत के सबाने गांव में मुंडा परिवार की सात एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप उदयपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राज किशोर यादव पर लगाया गया था। पूर्व विधायक श्री तिवारी ने इस मामले की शिकायत डीडीसी से की थी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए झामुमो के प्रवक्ता धीरज कुमार दुबे ने राजकिशोर यादव के साथ होटल पद्मावती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।
Advertisement
उन्होंने मीडिया के सामने संबंधित कागजात प्रस्तुत करते हुए कहा कि पूर्व विधायक श्री तिवारी अपने कार्यकाल में किसी भी क्षेत्र में विकास नहीं कर पाए, इसलिए जनता ने उन्हें पूरी तरह से नकार दिया है। अब वे झूठे आरोप लगाकर मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को बदनाम करना चाहते हैं।
धीरज दुबे ने कहा कि श्री तिवारी का जनाधार पूरी तरह खो चुका है और वे अनर्गल आरोप लगाकर अपना राजनीतिक पोजीशन बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के शासनकाल में आदिवासियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है और जिन गांवों की तिवारी चर्चा कर रहे हैं, वहां पर शिक्षा और सड़क जैसी सुविधाएं मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने पहुंचाई हैं।
श्री दुबे ने विश्वास जताया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र की जनता पूर्व विधायक
श्री तिवारी के झांसे में नहीं आएगी और सत्येंद्र नाथ तिवारी के अनर्गल आरोप झामुमो सरकार को बदनाम करने में सफल नहीं होंगे।