भवनाथपुर : शुक्रवार को सामाजिक संस्था सोशल इनोवेशन ग्रुप के द्वारा सिंदुरिया पंचायत भवन के प्रांगण में पौधारोपण एवं पौधा वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के संस्थापक सदस्य सूर्य प्रकाश सिंह एवं प्रथम चौबे ने किया। इस अवसर पर सिंदुरिया पंचायत के मुखिया नंदलाल पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
मुखिया नंदलाल पाठक ने कहा कि वे अक्सर संस्था के कार्यों को अखबार और सोशल मीडिया के माध्यम से देखते रहते हैं, चाहे वह रक्तदान शिविर हो, मतदाता जागरूकता अभियान हो, या विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज़ बुलंद करना हो। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि उनके पंचायत भवन में पौधारोपण किया गया और ग्रामीणों को फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए गए।
Advertisement
संस्था के संस्थापक सदस्य सूर्य प्रकाश सिंह एवं प्रथम चौबे ने बताया कि पिछले दस वर्षों से सोशल इनोवेशन ग्रुप पर्यावरण संरक्षण एवं संतुलन के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। अब तक लगभग पच्चीस हजार पौधारोपण एवं पौधा वितरण झारखंड में किया जा चुका है। इस वर्ष भी संस्था का लक्ष्य लगभग एक हजार पौधारोपण एवं पौधा वितरण का है, ताकि लोगों को शुद्ध वातावरण मिल सके।
उन्होंने आम जनमानस से भी अनुरोध किया कि वे इस मुहिम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। यदि किसी के पास पौधा लगाने के लिए जगह नहीं है, तो वे संस्था को पौधा दान कर सकते हैं, जिसे उनके नाम से लगाया जाएगा।
इस मौके पर वार्ड पार्षद विकास वियार, युवा समाजसेवी आनंद पासवान, अजीत गुप्ता, लल्लू साह, रामअवतार पासवान, लखन वियार, रविन्द्र गुप्ता, मुन्ना उरांव सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।