गढ़वा : गढ़वा जिले के मेराल में एनएच-75 सड़क निर्माण में लगी एमजीसीपीएल कंपनी के कार्यालय के समीप 11 जुलाई को लेवी को लेकर घटी फायरिंग की घटना के तार कुख्यात अपराधी अमन साव गिरोह से जुड़े हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने पहुंचे अपराधियों को अमन साव गिरोह के मयंक सिंह विदेश में बैठकर गाइड कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय ने बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित कर बताया कि घटना में कुल पांच अपराधी शामिल थे, जिनमें से तीन को गढ़वा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में सिमडेगा जिले के बुझगा गांव निवासी बिक्रम सिंह, गुमला जिले के कुम्हार टोली निवासी सूरज केवट और पालकोट रोड निवासी सूरज पासवान शामिल हैं।
Advertisement
पत्रकार वार्ता में जानकारी देते एसपी दीपक कुमार पांडेय
एसपी ने कहा कि लेवी को लेकर अमन साव गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार अपराधियों के अनुसार, मलेशिया के क्वालालंपुर से मयंक सिंह उर्फ सुनील मिना ने सिमडेगा जेल से 29 जून को छूटे बिक्रम सिंह, आशीष साहु उर्फ पकौड़ी और आकाश राय उर्फ मोनू राय से इस घटना को अंजाम दिलवाया।
घटना को अंजाम देने के लिए अपराधियों को गिरोह की ओर से दो पिस्टल, 20 गोलियां और 65 हजार रुपये नगद उपलब्ध कराए गए थे। गिरफ्तार अपराधियों ने अपने बयान में यह स्वीकार किया है। एसपी ने बताया कि इस घटना के बाद बिक्रम सिंह 13 जुलाई को रायपुर पहुंचा और मयंक सिंह के निर्देश पर दो अन्य शूटरों को रायपुर में गोली चलाने के लिए वही पिस्टल दी गई, जिससे मेराल में फायरिंग की गई थी।
Advertisement
एसपी दीपक कुमार पांडेय ने कहा कि पांचों अपराधियों के अलावा गिरोह के सरगना अमन साव और मयंक सिंह पर भी कार्रवाई की जाएगी। मलेशिया में बैठे मयंक सिंह पर कार्रवाई के लिए गढ़वा पुलिस सीआईडी और एटीएस के संपर्क में है और भारत सरकार के प्रॉसीजर के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि एसआईटी में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को रिवार्ड के लिए मुख्यालय को अनुशंसा की जाएगी।
एसआईटी में एसडीपीओ गढ़वा नीरज कुमार, मुख्यालय डीएसपी यशोधरा, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत, पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार, डंडा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत कुमार, तकनीकी शाखा के नरेशा मांझी और सुरेंद्र भगत सहित मेराल के पुलिस जवान शामिल थे।