भवनाथपुर : बुधवार की सुबह रास्ते को लेकर दो पाटीदारों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष के संजय बैठा की पत्नी मंजु देवी और पुत्री गुंजा कुमारी घायल हो गईं। परिजनों ने तुरंत थाना को सूचना देने के पश्चात मंजु देवी और गुंजा कुमारी को सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचाया, जहां डॉ. रंजन दास ने उनका उपचार किया।
परिजनों के अनुसार, दोनों पाटीदारों के हिस्से की जमीन से होकर रास्ता निकला हुआ है। बारिश के कारण मिट्टी का कटाव हो गया और रास्ते से बहकर मिट्टी पाटीदार के खेत में चली गई, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। इसी विवाद में रामाशीष बैठा और रामानुज बैठा के साथ घर की महिलाओं ने मिलकर मारपीट की, जिसमें मां और बेटी घायल हो गईं।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।