भवनाथपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा ने शुक्रवार को भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र के कैलान गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं से अवगत हुए और उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया।
अनंत प्रताप देव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने किसान, नौजवान, मजदूर, और गरीब सभी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने क्षेत्र में पावर प्लांट स्थापित कर नौजवानों को रोजगार देने का संकल्प व्यक्त किया। देव ने बताया कि भवनाथपुर में 1320 मेगावाट पावर प्लांट का शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों करवाया गया था, जो क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
श्री देव ने कैलान गांव की बेटियों की शिक्षा के लिए हाई स्कूल स्थापित करने का वादा भी किया, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए दूर जंगल पार भवनाथपुर न जाना पड़े।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख शोभा देवी, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, कैलान उप मुखिया सुरेंद्र यादव, डॉक्टर उदय यादव, रामजन्म सिंह, संजय यादव, मेघनाथ यादव, योगेन्द्र यादव, सुर्यदेव यादव, अनिल यादव, रामधनी यादव, राजनिश यादव, राम नरेश यादव, सुरेश यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।