गढ़वा : गढ़वा जिला में आज पहली बार एक महिला सहित दो कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है।
महिला संक्रमित शहर के कचहरी रोड की रहने वाली है। जबकि दूसरा संक्रमित मझिआंव प्रखंड का रहने वाला है। वह पिछले दिनों दिल्ली से लौटा था। उसे गांव में ही सरकारी क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया था। दोनों संक्रमितों को जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कोविड अस्पताल लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसी के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 90 हो गई है। इसमें 62 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। जबकि 28 मरीजों का इलाज कोविड अस्पताल मेराल में किया जा रहा है।
इसकी जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर एनके रजक ने कहा कि शहर के कचहरी रोड से कोरोना संक्रमित महिला के मिलने के बाद उनके संपर्कित की तलाश की जा रही है।
कोरोना संक्रमित नहीं बता रहे हैं संपर्कित लोगों के नाम :
पिछले दिनों शहर से मिले कोरोना संक्रमित मरीज विभाग को सही तरीके से अपने संपर्कित लोगों का नाम नहीं बता पा रहे हैं। जिसके कारण जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को थोड़ी परेशानी हो रही है। इसलिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील किया है कि कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वाले लोग आगे आकर अपनी सैंपल जांच करवाएं।