रंका :विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका में परिवार नियोजन पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी रूद्र प्रताप, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवानंद राम, अंचलाधिकारी शिवपूजन तिवारी और प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अहमद अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रूद्र प्रताप ने उपस्थित स्वास्थ्य सहिया, सहिया सखी, और स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की लगातार बढ़ती जनसंख्या के कारण संपूर्ण देशवासियों को विभिन्न क्षेत्रों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने और परिवार नियोजन को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी परिवार नियोजन के लक्ष्य को प्राप्त करने में स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी सहिया, सहिया सखी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर बंध्याकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर, पिछले सत्र में बेहतर कार्य करने वाली आधा दर्जन एएनएम और स्वास्थ्य सहिया को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर असजद, डॉक्टर महजबीं, डॉक्टर श्वेता सिंह, डॉ. गोरखनाथ पाण्डेय, डॉक्टर नायला खान, डॉक्टर अशोक बाखला और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुधीर कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।