भवनाथपुर : थाना क्षेत्र के अरसली उत्तरी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी और धारदार हथियार से जमकर हुई मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार की देर शाम सात बजे की है। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल प्रथम पक्ष के असफाक अंसारी एवं गौहर अली को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया है।
वहीं निजामुद्दीन एवं रहनानी कौसर अली तथा दूसरे पक्ष के घायल तैयब हुसैन, अफरोज अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी तथा आमीर हुसैन का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया गया कि गौहर अली और निजामुद्दीन के बीच जमीनी विवाद चल रहा था।
इसी बीच गौहर अली जेसीबी लगाकर विवादित जमीन की मिट्टी उठवाकर किसी दूसरे के हाथ बेच रहा था। इसकी भनक मिलते ही दूसरे पक्ष ने प्रथम पक्ष के घर जाकर मारपीट की।
घटना की सूचना पर थाना के सहायक अवर निरीक्षक अनुज कुमार सिंह अस्पताल पहुंचकर घायलों से फर्द बयान लेकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं।