भवनाथपुर : भवनाथपुर थाना क्षेत्र के पंडरिया पंचायत के राकेश यादव का एक पालतू पशु बुधवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली तार के अर्थिंग के चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
पीड़ित राकेश यादव ने बताया कि गांव के पांडे बांध के पास बिजली विभाग द्वारा लगाया गया ट्रांसफार्मर बारिश के दिनों में करंट प्रवाहित कर देता है। जिसके कारण कुछ दिन पहले एक बकरी की भी मौत हो चुकी थी। ग्रामीण भी कई बार इस अर्थिंग के संपर्क में आ चुके हैं।
ग्रामीण राकेश यादव का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को इस खतरे के बारे में सूचित किया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनकी लापरवाही के कारण एक के बाद एक जानवरों की मौत हो रही है।
Advertisement
इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि यदि बिजली विभाग ने समय रहते कार्रवाई की होती तो यह हादसा नहीं होता। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द इस खतरे को दूर करने की मांग की है।