चिनियां : थाना क्षेत्र के चपकली वनभूमि में दशरथ भुइयां द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मिट्टी के घर को दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिरुप सिन्हा के निर्देश पर वन विभाग द्वारा शनिवार की दोपहर में जेसीबी से गिरा दिया गया। वनपाल बैजनाथ राम ने बताया कि वनभूमि में अवैध रूप से घर बनाकर रह रहे दशरथ भुइयां को कई बार विभाग की ओर से नोटिस देकर यहां से हट जाने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद वह आदेश की अवहेलना कर वहां रह रहा था। उक्त अभियान में वनपाल बैजनाथ राम के अलावा वनरक्षी राहुल कुमार, दयानंद कुमार, उमेश सिंह, अनिमेष कुमार, विजय सिंह, राधेश्याम प्रसाद समेत कई लोग शामिल थे। बैजनाथ राम ने बताया कि डीएफओ के निर्देश के आलोक में जंगल में अवैध जोत-कोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही वनभूमि में अवैध तरीके से घर बनाकर रह रहे लोगों को वहां से हटाया जाएगा।