भवनाथपुर : भवनाथपुर के छः माईलवा मुख्य पथ से बरवाबांध टोला होते हुए बगही मुख्य पथ तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 करोड़ 80 लाख रुपये से कालीकरण सड़क निर्माण कार्य में जगह-जगह बन रही पुलिया में अवैध रूप से सुरक्षित वन क्षेत्र के जंगलों से तोड़े गए दोयम दर्जे के पत्थरों का उपयोग हो रहा है।
विधायक भानु प्रताप शाही के अथक प्रयास से 12 मार्च को इस सड़क का शिलान्यास हुआ था। लेकिन अब मकरी और आसपास के जंगलों से अवैध पत्थर उत्खनन की खबरें आ रही हैं। पत्थर माफिया शाम ढलते ही जंगलों में पत्थरों का तुड़ाई का कार्य शुरू कर देते हैं और उन्हें ट्रैक्टरों पर लोड कर पुलिया निर्माण स्थल पर डंप करते हैं। इसके अलावा, ये पत्थर माफिया प्रखंड क्षेत्र के पंचायतों में बन रहे बिरसा कूप निर्माण के लाभुकों को भी ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
Advertisement
वन विभाग को इस अवैध उत्खनन की जानकारी होने के बावजूद विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। अवैध तरीकों से पत्थरों का उत्खनन और उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि यह निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रश्नचिन्ह लगाता है।