कांडी : कांडी प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में विगत ढ़ाई वर्षों से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है।
08 अप्रैल 2018 को सूबे के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सह मझिआंव-विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी व पलामू सांसद बीडी राम ने संयुक्त रूप से उक्त योजना का विधिवत शिलान्यास किया गया था। तब से अब तक भवन का कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन अलग-अलग भवन है। अस्पताल भवन की ढ़लाई हो चुकी है जबकि डॉक्टर्स रेसिडेंट व गैरेज की ढलाई बाकी है। लगभग ढाई करोड़ की लागत से बनने वाले उक्त भवन ढाई साल बाद भी पूरा नहीं हो सका।
नाराजगी जाहिर करते हुए कांडी प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि संवेदक की लापरवाही की वजह से आजतक भवन अधूरा है। विधायक के डांट-फटकार के बाद भी संवेदक के कान पर जूं नहीं रेंग रहा है। ढ़ाई वर्षों से सिर्फ 15 प्रतिशत काम हुआ है।श्री सिंह ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि उक्त भवन का संविदा रद्द करते हुए टेंडर कराकर दूसरे को काम दिया जाए ताकि मां सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल के विकास में तेजी लाया जा सके। एक बहुत बड़ा कार्य विगत ढ़ाई वर्षों से लंबित पड़ा है।
स्थानीय विधायक सह झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रामचंद्र चंद्रवंशी का सपना था कि सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण कर इस क्षेत्र के सैकड़ों मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों का ऑपरेशन कराया जाय।
लेकिन संवेदक की घोर लापरवाही की वजह से यह कार्य नहीं हो सका।