मझिआंव (गढ़वा) : एसबीआइ के बरडीहा शाखा के आक्रोशित खाताधारियों ने बैंक में अव्यवस्था से क्षुब्ध होकर शाम के चार बजे से पांच बजे तक बैंक के मेन गेट में तालाबंदी कर दी। वहां मौजूद खाताधारी सरोज देवी, रवींद्र राम, ललित राम, कमला देवी, कुंती देवी, राकेश कुमार, अनरवा देवी, रोशन आरा, पार्वती देवी, रामचंद्र राम आदि ने बताया कि बैंक कर्मियों की मनमानी से सभी तंग आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों द्वारा एक से लेकर 150 नंबर तक का टोकन काटकर हमलोगों को दिया गया। उसमें से मात्र एक से 15 नंबर तक के व्यक्ति को बैंक के अंदर प्रवेश करने की इजाजत दी गई। शेष लोगों को मेन गेट के बाहर अपनी बारी की प्रतीक्षा करने को कहा गया। शाम चार बजने के बाद भी हमें बैंक के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जबकि सभी सुबह के 9 बजे से बिना कुछ खाए पीए लाइन में लगे रहे।
उक्त सभी ने कहा कि जब एक से पंद्रह तक के ही टोकनधरियों को पैसा देना था तो डेढ़ सौ लोगों को टोकन क्यों दिया गया। इस संबंध में शाखा प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव को लेकर शारीरिक दूरी का अनुपालन किया जाना जरूरी है। इसके लिए बैंक द्वारा पूरी सावधानी बरती जा रही है। कोरोना को लेकर सरकार के गाइड लाइन का पालन करने की बात पर लोग शोर मचाना शुरू कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक के मेन गेट में बाहर से ताला लगाने की सूचना थाना को दे दी गई है।