कांडी : सरकार व जिला प्रशासन के दावों के बाद भी लोग पानी के लिए परेशान हैं। प्रखंड के शिवपुर पंचायत में लगाये गए 11 जलमीनारों में से अधौरा गांव की दो जलमीनार वर्षों से खराब पड़ी हुई है।
गांव के हरिजन टोला स्थित सार्वजनिक चबूतरे के पास लगाया गई जलमीनार वर्षों से खराब है। उक्त जलमीनार लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई थी। जलमीनार खराब होने आस पास के दर्जनों घरों के लोग पानी को लेकर प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत की। उसके बावजूद उसे ठीक नहीं कराया गया।
उधर प्रावि हरिजन टोला के प्रांगण में लगी जलमीनार भी वर्षों से खराब पड़ा हुई है। जलमीनार खराब होने से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को पानी के लिए काफी मशक्कत करना पड़ता है।
जब से विद्यालय का एकलौता चापाकल में जलमीनार का समरसेबुल डाला गया है उक्त चापाकल से पानी बहुत कम मात्रा में निकलता है। बच्चे बहुत देर तक चापाकल चलाएंगे तब जाकर एक बोतल पानी मिलता है।