भैंस के मालिकों ने पुलिस-प्रशासन का किया आभार प्रकट
रंका : थाना क्षेत्र के खरडीहा पंचायत के रामदाहा टोला निवासी पच्चू यादव की आठ दुधारु भैस और कंचनपुर से पांच भैस को चोरी कर ले जा रहे चोरों को शनिवार की देर शाम तेनुडीह गांव के जंगल से बरामद किया गया।
अपनी आठ भैंसों की चोरी होने से पच्चू यादव बैचेन हो गया था और पूरा परिवार हर संभव जगह पर खोजबीन कर रहा था कि किसी ने जानकरी दी कि चार लोग काफी भैंस और बैल को जंगल के रास्ते पलामू जिला के चैनपुर की ओर ले जा रहे हैं।
लोगों ने उधर खोजबीन किया तो बिहार के औरंगाबाद निवासी सतीश कुमार पिता बबलू पासवान ( 22 वर्ष ) एवं हरेंद्र भुइयां पिता रघुनाथ भुइयां ( 30 वर्ष ) को 16 भैंस और 9 बैल के साथ पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
सभी पशु सहित दोनों चोरों को थाना लाकर पड़ताल की गई।
पूछताछ के क्रम में दोनों चोरों ने बताया कि गर्मी को लेकर गांव के लोग पशुओं को खुले में बांधते हैं और छोटी रात होने के कारण एक से चार बचे रात तक गहरी नींद में होते हैं। इसी का फायदा उठाकर वे लोग आसानी से पशुओं को खोल कर ले जाते हैं।
भैस चोरी करने में थाना क्षेत्र के खपरो के रफीक अंसारी, इश्तेहार अंसारी और आजाद अंसारी के नाम का खुलासा किया।
पुलिस ने बयान के आधार पर रफीक अंसारी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया सतीश और हरेंद्र के साथ रफीक अंसारी को रविवार को जेल भेजा गया। पशु चोर गिरोह के सरगना इश्तेहार अंसारी और आजाद अंसारी दोनो फरार है।
थाना प्रभारी अनिल नायक ने बताया कि यह गिरोह काफी दिनों से चोरी में संलिप्त है और पशुओं के साथ बाइक और गाडियों की बैटरी चोरी के दर्जनों घटना को अंजाम दिया है।
भैंस मालिक पच्चू के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया गया है। तीन आरोपियों को जेल भेजा गया एवं अन्य आरोपी आजाद एवं इश्तेहार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।