गढ़वा : डीसी शेखर जमुआर की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में एनएच-75 (सेक्ट-5) खजुरी से विढ़मगंज पथ चौड़ीकरण या फोरलेन निर्माण योजना, गढ़वा-चिनियां पथ चौड़ीकरण, हूर मोड़ से मलिया डंडा पथ चौड़ीकरण समेत अन्य सड़क निर्माण योजना से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गई। इस दौरान पूर्व में बैठक में कार्य पूर्ण करने के लिए दिए गए लक्ष्य की प्राप्ति पर चर्चा करते हुए प्रगति कार्य अनुपालन की समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, एलपीसी निर्गत, सत्यापन रिपोर्ट समेत अन्य की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में डीसी श्री जमुआर ने प्राथमिकता के आधार पर ससमय कार्यों को करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कमर्चारियों को उक्त कार्यों से जुड़े किसी भी मामले को अपने स्तर से लंबित न रखने का निर्देश दिया। वहीं भूमि अधिग्रहण के पश्चात मुआवजा भुगतान की कार्रवाई भी ससमय करने का निर्देश दिया, जिससे योजनाओं का संचालन सरलता एवं सफलतापूर्वक किया जा सके। गढ़वा से चिनियां तक होने वाले सड़क चौड़ीकरण का भी डीसी ने समीक्षा किया। जिस पर जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा अवगत कराया गया कि मुआवजा की प्रक्रिया लगभग 65 प्रतिशत कर दी गई है एवं शेष मामले में मुआवजा भुगतान समेत अन्य के लिए अग्रेतर कार्रवाई को लेकर विभाग से पत्राचार किया गया है। जल्द ही सेक्शन-19 के पश्चात मुआवजा भुगतान समेत अन्य कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
डीसी ने जिला एवं अंचल स्तर के संबंधित पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। ताकि तय समय सीमा के अंतर्गत सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण कराया जा सके। डीसी ने उपरोक्त कार्यों की अगली समीक्षा बैठक अगले एक सप्ताह में करने की बात कही तथा अगले सप्ताह तक अपेक्षित कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य रूप से एसी मतियस विजय टोप्पो, जिला भू-अर्जन पदा. संजय प्रजाद, परियोजना निदेशक, एनएचएआई मेदिनीनगर, गढ़वा सीओ, मेराल सीओ, नगर उंटारी सीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी समेत संबंधित अंचल के अंचल निरीक्षक आदि उपस्थित थे।