मझिआंव : नगर पंचायत के ऊंचरी गांव स्थित आरके पब्लिक स्कूल में गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित कर मैट्रिक बोर्ड 2024 के पांच विद्यालय टॉपरों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय ने माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर श्री पांडेय ने मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2024 के विद्यालय के पांच टॉपरों क्रमशः नव्या मिश्रा 89 प्रतिशत, मुक्कदस अकमल 87.2 प्रतिशत, रमाकांत ठाकुर 85.4 प्रतिशत, प्रीती दुबे 84 प्रतिशत एवं आयुषी प्रिया 83.4 प्रतिशत को पुरस्कृत किया।
निदेशक ने सभी सफल प्रतिभागियों को उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सभी छात्र छात्रायें देश के कर्णधार हैं।
आप जितना तरक्की करेंगे, देश भी उतनी ही तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने आरके पब्लिक स्कूल के शिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि आपके सफल मार्गदर्शन में छात्र इसी तरह सफलता के साथ आगे बढ़े, यही कामना है।
मौके पर प्राचार्य राजेश कुमार पांडेय सहित छात्र व अभिभावक उपस्थित थे।