गढ़वा : गढ़वा झालसा के निर्देश पर 8 जून को गढ़वा व्यवहार न्यायालय और अनुमंडल व्यवहार न्यायालय नगर उंटारी में मोटर वाहन दुर्घटना दावा से संबंधित विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उक्त जानकारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजेश शरण सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि 8 जून को सुबह साढ़े सात बजे से इस विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन दुर्घटना दावा से संबंधित मामले का निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 जून से लेकर 7 जून तक गढ़वा व्यवहार न्यायालय एवं नगर उटारी व्यवहार न्यायालय में सुबह साढ़े सात बजे से लेकर साढ़े बारह बजे तक प्री लोक अदालत का आयोजन भी किया गया है। ताकि अधिक से अधिक से पक्षकारों को बैठक एवं सुलह समझौता करा कर मामले का निष्पादन किया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि अधिक से अधिक मामले के निष्पादन के लिए पक्षकारों को नोटिस की गई है नोटिस की तामिला नजारत टास्क फोर्स और पीएलबी के माध्यम से कराया जा रहा है। जिसमें अब तक 146 वादों में नोटिस निर्गत किया गया है। पक्षकार एवं सभी इंश्योरेंस कंपनी के अधिवक्ता एवं पीड़ित पक्षकार के अधिवक्ता के साथ बैठक कर अधिक से अधिक मामले का निष्पादन करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी पक्षकार की हार नहीं होती है इसमें दोनों पक्षकार जीते हैं और यहां जो भी मामले आते हैं उसका निष्पादन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि मोटर वाहन दुर्घटना दावा से संबंधित 172 मामले लंबित है उक्त लंबित मामले की निष्पादन के लिए यह विशेष मोटर वाहन दुर्घटना दावा से संबंधित लोक अदालत का आयोजन किया गया है।