भंडरिया : प्रखंड के पंचायत मदगड़ी (क) के रोजगार सेवक सुनिला एक्का ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मनरेगा योजना में बगैर कार्य किए फर्जी भुगतान कराने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि मदगड़ी पंचायत में विभिन्न योजनाओं में बैगर कार्य किए बिचौलिया की मिलीभगत से राशि का भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि रोजगार सेवक के बगैर मस्टररोल सत्यापन किए ही भुगतान कर दिया गया है।
फर्जी भुगतान होने की जानकारी मिलने के बाद रोजगार सेवक द्वारा एमआईएस में चल रही योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया तो पाया कि उस तारीख में किसी भी योजना में मजदूर नहीं था। बगैर कार्य किए बिचौलिया की मिलीभगत से राशि का भुगतान कर दिया गया।
मनरेगा कानून के तहत मस्टर रोल का संधारण रोजगार सेवक द्वारा किया जाता है।
रोजगार सेवक ने आवेदन में बताया कि सभी फर्जी मजदूर के नाम पर जॉब कार्ड बना कर भुगतान किया गया है। जॉब कार्ड संख्या 157/1569 रफीद अंसारी पिता तस्दीक अंसारी संत अंतोनिस स्कूल कंजिया में पढ़ाई करता है। वहीं फातमा बीवी पति नसरूदीन अंसारी के दीदी बाड़ी योजना में भुगतान किया गया है। दूसरे राज्य में पलायन किये मजदूरों का भी डिमांड लगाकर उसके नाम पर भुगतान किया गया है। चंदु देवी के खेत में मेड़बंदी योजना में भुगतान किया गया है, जबकि उस योजना में किसी प्रकार का कार्य नहीं किया गया है।
उक्त सभी योजनाओं का जांच करते हुए संबंधित कर्मी पर कार्रवाई करने की मांग रोजगार सेवक ने की है।