गढ़वा : रमना थाना क्षेत्र के छपरदागा गांव में एक विधवा महिला एवं उसकी पुत्री को पड़ोसियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शनिवार की रात की है। इस घटना में घायल विमला कुंवर पति स्व.जोखू प्रसाद यादव एवं उसकी पुत्री प्रियंका कुमारी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस संबंध में विमला कुंवर ने बताया कि वर्ष 2008 में उसके पति की मौत के बाद पड़ाेसियाें द्वारा उसकी जमीन हड़पने के लिए उन्हें हमेशा परेशान किया जा रहा है। उसने बताया कि गांव के प्रदीप यादव, अयोध्या यादव, प्रमोद यादव, आनंद देव यादव, सच्चिदा यादव, महेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, अजय यादव, प्रताप यादव आदि उनके पूरे परिवार की हत्या कर संपति हड़प लेने की साजिश कर रहे हैं।
पहले भी कई बार घर पर पथराव तथा मारपीटकी घटना को अंजाम दे चुके हैं। लेकिन पुलिस के पास शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उसने बताया कि शनिवार की रात में उक्त लोगों ने उसके घर में आकर विमला कुंवर एवं उसकी बेटी प्रियंका के साथ मारपीट किया। इसके बाद प्रियंका कुमारी को वहां से उठाकर ले गए। रात में पुलिस ने खोजबीन कर प्रियंका को घर से दो किमी दूर बेहोशी हालत में एक खेत में पड़ी हुई मिली। इसके बाद उसे अस्पताल लाया गया है। उसने बताया कि उसके परिवार के लोग भयभीत हैं। इनके भय से पुत्र अशोक यादव एवं पुत्री संध्या कुमारी घर छोड़कर रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। हमलोगों के साथ कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। उसने बताया कि वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाएगी।