गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा पंचायत अंतर्गत नावाडीह गांव में रविवार की रात बारात में बाराती के मनोरंजन के लिए आई डांसरों के साथ छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर बारातियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट की घटना के बाद घायलों को लेकर मची अफरा-तफरी के कारण शाम में शादी नहीं हो सकी। सोमवार की दोपहर पुलिस की सुरक्षा में शादी के बाद बारात विदा हुई।

इस मामले में पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के रबदा गांव के दही टोला निवासी रविंद्र भुइयां, संतोष कुमार तथा विमलेश कुमार ने गढ़वा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई का अनुरोध किया है।

थाना को दिए आवेदन में उक्त तीनों ने उल्लेख किया है कि रविवार की रात करीब नौ बजे रबदा गांव से बारात गढ़वा जिला अंतर्गत बेलचंपा पंचायत के नावाडीह गांव में आया हुआ था।
इस दौरान बारातियों के मनोरंजन के लिए नाच गाने की व्यवस्था बारातियों की ओर से की गई थी। रात के करीब 11 बजे नाच गान की शुरूआत होते ही नावाडीह गांव निवासी आनंद सिंह अपने 10-15 सहयोगियों के साथ वहां आ पहुंचे और डांसरों के साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिए।
इसका जब विरोध बरातियों द्वारा किया गया तो आनंद सिंह एवं उनके सहयोगियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जाती सूचक नाम के प्रयोग किया तथा बाराती पर जान लेवा हमला कर दिया। उक्त घटना में हम तीनों को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में इलाज कराने के बाद उक्त तीनों द्वारा सोमवार की सुबह गढ़वा थाना पहुंचकर प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया।
इस संबंध में पुलिस इंस्पेक्टर के के साहू ने पूछे जाने पर कहा बारात में नाच-गान के दौरान झड़प की सूचना मिली थी। इसे लेकर कुछ लोगों द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है। अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।