मझिआंव : नगर पंचायत क्षेत्र के युवा समाजसेवी मारुति नंदन सोनी ने कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार को आवेदन देकर नगर पंचायत क्षेत्र के तमाम वार्ड में टैंकर के माध्यम से पेयजलापूर्ति कराने एवं प्रधानमंत्री आवास के किस्त को अविलंब भुगतान कराने की मांग की है।
दिए गए आवेदन में कहा गया कि लगातार बढ़ती इस भीषण गर्मी के कारण पानी का जमीनी लेयर काफी नीचे चला गया है। जिस कारण ज्यादातर चापाकलों में पानी देना बंद हो गया है। इतना ही नहीं जन समस्या के साथ ही मवेशी भी पानी प्यास बुझाने के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। कहा गया कि नगर पंचायत क्षेत्र के ज्यादातर वार्डों में चापाकल खराब पड़े एवं कहीं कहीं लगे जलमीनार पानी देना बंद कर दिया है।
उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत क्षेत्र के वासियों की समस्या को तत्काल संज्ञान में लेते हुए अभिलंब टैंकर के माध्यम से पेय जलापूर्ति कराने के साथ ही खराब पड़े चापाकल एवं जल मीनार को अभिलंब बनवाने का निर्देश दिया जाए। साथ ही नागरिक सुविधा मद से नए चापाकल गड़वाने एवं नया जलमीनार लगवाने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास शहरी के लाभुकों का बकाया किस्तों की अभिलंब भुगतान करवाया जाए।
आवेदन देने वालों में समाजसेवी मारुति नंदन सोनी के अलावा पूर्व वार्ड सदस्य विवेक सोनी भी उपस्थित थे।