कांडी : थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहेरिया गांव स्थित यात्री शेड से पहले सतबहिनी-खुटहेरिया मुख्य पथ पर एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना शुक्रवार की शाम तकरीबन 5 बजे की है। गाड़ी का नम्बर JH 03P 9739 है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गाड़ी में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल में शादी हो रही थी। वहीं से उक्त बोलेरो गाड़ी बराती को लेकर उटारी रोड की तरफ वापस जा रही थी। गाड़ी की रफ्तार तेज होने की वजह से पलट गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में लगभग 10 से 12 सवारी थे। जिसमें महिला व बच्चे भी शामिल थे। दुर्घटना के बाद राहगीरों व बराती पक्ष के अन्य लोगों द्वारा घायलों को दुसरे गाड़ी से मझिआंव अस्पताल भेजा गया।
घायलों में बराती पक्ष के प्रतिमा देवी 18 वर्ष, शारदा देवी 30 वर्ष, कांति देवी 22 वर्ष, महेंद्र रजवार 25 वर्ष सहित बोलेरो चालक जितेंद्र कुमार 22 वर्ष मुख्य रूप से शामिल हैं।घटना स्थल पर बच्चों का चप्पल व महिलाओं का सैंडल व टूटी चूड़ियां बिखरी हुई है।
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लहर बंजारी निवासी शंकर मेहता के पुत्र अशोक मेहता का बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची कांडी पुलिस द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही थी।