बंशीधर नगर : गरबांध पंचायत भवन परिसर में सोमवार को आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रमुख उर्मिला देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि लालमोहन प्रसाद यादव, मुखिया सिबिस्टियानी देवी आदि ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।

प्रमुख व प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आयोजित शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक इसका लाभ लेने का अनुरोध पंचायत वासियों से किया। कहा कि आपकी समस्याओं व जरूरतों को जानने व उसके समाधान के लिए आपके पंचायत में हम सभी आए हैं। आप अपनी समस्याओं व जरूरतों से संबंधित संबंधित विभाग के स्टॉल पर लिखित आवेदन जमा करें, समाधान की दिशा में हर संभव प्रयास किया जाएगा।
शिविर में कल 1342 आवेदन ग्रामीणों के द्वारा दिया गया, जिसमें 283 आवेदन का त्वरित निष्पादन किया गया। जबकि 1059 आवेदन लंबित है। इसमें सर्वाधिक आवेदन अबुआ आवास योजना से संबंधित प्राप्त हुआ है। ऑन द स्पॉट आयुष्मान कार्ड का 31, मनरेगा के तहत नए जॉब कार्ड का 60, राशन कार्ड में संशोधन व नया का 32, धोती साड़ी लूंगी वितरण योजना का 9, कंबल वितरण का 10, सर्वजन पेंशन योजना का 32, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का 20, आधार पंजीकरण का 4, स्वास्थ्य जांच का 70 व आजीविका का 15 आवेदन का निष्पादन किया गया। जबकि अबुआ आवास योजना का 936, ऑनलाइन भू अभिलेख का 1, 15वें वित्त का 2, किसान क्रेडिट कार्ड योजना का 4, पेयजल एवं स्वच्छता का 101 व कल्याण विभाग का 15 आवेदन लंबित है।
कार्यक्रम का संचालन पंचायती राज के प्रखंड समन्वयक कौशल कुमार ने किया। मौके पर प्रधान सहायक अनिल कुमार सिंह, झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय, अमरनाथ पांडेय, पीएम आवास योजना के प्रखंड समन्वयक स्नेहा सिंह सहित प्रखंड कर्मी व बड़ी संख्या में पंचायत वासी उपस्थित थे।