श्री बंशीधर नगर : अनुमंडल मुख्यालय में हेन्हों मोड़ स्थित सरकारी शराब की दुकान में शराब और बियर के निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। इससे शराब के शौकीनों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। निर्धारित मूल्य से अधिक लिए जाने की जानकारी के बावजूद आबकारी विभाग खामोश बैठा है। शराब की बोतलों और बीयर के निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलने का खेल अनुमंडल मुख्यालय में पहले तो चल ही रहा था लेकिन लॉकडाउन में भी धड़ल्ले से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हेन्हों मोड़ स्थित सरकारी विदेशी शराब दुकान में 300 की शराब को साढ़े तीन सौ और 120 रुपये की शराब को डेढ़ सौ रुपये में बेचे जा रहा है। अलग - अलग ब्रांड की शराब में प्रिंट मूल्य से अधिक दाम लिए जाते हैं।
अधिक दामों को लेकर आए दिन ग्राहकों से झड़प होते रहता है। लेकिन शराब पीने वालों को मजबूरी में अधिक दाम देने पड़ते हैं। शराब की दुकानों में रेट लिस्ट नहीं लगाया गया है। शराब खरीदने वाले व्यक्तियों को बिना किसी बिल के ही बेच दिया जाता है। अगर कोई बिल की मांग करे तो भी नहीं दिया जाता है। इतना ही नहीं सरकार द्वारा शराब की दुकानों के खुलने और बंद होने का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन यहां पर नियम कोई मायने नहीं रखता है। इन दुकानों में कभी भी शराब मिल जाता है। दुकान संचालक मनोज सिंह ने बताया कि मुझे विभाग से ही रेट से अधिक मूल्य पर बेचने के लिए कहा है।
नियमानुसार ये होना चाहिए :
शराब दुकान के संचालकों को दुकान के बाहर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य है।
दुकानदार या सेल्समैन एमआरपी से अधिक रुपए नहीं वसूल सकते हैं।
दुकान में पानी की बोतल, नमकीन या अन्य खाद्य पदार्थ रखकर बेचना प्रतिबंधित है।
शहर में शराब की दुकानों पर रेट लिस्ट नहीं लगाए जाने के संबंध में पूछे जाने पर, आबकारी विभाग के अधीक्षक सुजीत कुमार ने कहा कि, हर ब्रांड पर 20 से 25 प्रतिशत दाम बढ़ा हुआ है। रेट चार्ट नहीं लगाया गया है तो यह गलत है। उन्हें कड़ी चेतावनी देकर रेट चार्ट लगवाया जाएगा।