गढ़वा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 75 वें स्थापना दिवस सह राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर गढ़वा नगर इकाई द्वारा चीनीया मोड़ स्थित जिला कार्यालय पर झंडोत्तोलन किया गया।
झंडोत्तोलन पलामू विभाग प्रमुख डॉ. सत्यदेव पांडे जिला प्रमुख प्रो. मनीष तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। तत्पश्चात सहिजना सेवा बस्ती में छात्रों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। झंडोत्तोलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विभाग प्रमुख डॉ.सत्यदेव पांडेय ने कहा विद्यार्थी परिषद शैक्षिक परिवार की संकल्पना को विश्वास रखकर कार्य करता है। भारत वसुधैव कुटुम्बकम का पोषक रहा है। भारत की एकता और अखंडता के लिए विद्यार्थी परिषद ने अपने स्थापना काल से ही संघर्ष किया है।
मनुष्य विचारो का केंद्र होता है अत: विद्यार्थी को समाज मे फैले सभी प्रकार के विचारो को जानना चाहिए परंतु देश की एकता अखंडता एवं राष्ट्र हित के विचारो का ही समवाहक बनना चाहिए। जिला प्रमुख प्रो. मनीष तिवारी ने कहा कि आज का समय अभाविप के स्थापना दिवस का 75वर्ष पूर्ण होने का है। अपने स्थापना काल के मनीषियों का हम आज भी स्मरण करते हैं, जिन्होंने अपनी तप, त्याग और तपस्या से विद्यार्थी परिषद को मजबूती प्रदान किया है। छात्रों को अपने अधिकार और कर्त्तव्यों को समझते हुए राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में जब, जहां जितनी आवश्यकता हो अपना संपूर्ण योगदान देना चाहिए। नगर सह मंत्री सुगंध बघेल ने कहा कि युवा उद्यमिता के क्षेत्र मे आगे आएं, कला के क्षेत्र में विद्यार्थी नेतृत्व करें और देश की एकता समग्रता और आत्मनिर्भरता के लिए आगे बढें, परिषद इस लक्ष्य के साथ समाज व युवाओं से आग्रह कर रहा है।
मौके पर विश्वविद्यालय संयोजक मंजुल शुक्ला, जिला सह संयोजक कुमार शुभम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीकांत सोनी, जिला क्रीड़ा प्रमुख पंकज कुमार, श्रेया कुमारी, काजल कुमारी, सचिन चौबे, राहुल कुमार, करण कुमार, निरंजन कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।