बंशीधर नगर : - अनुमंडल मुख्यालय के बगल में स्थित अहिपुरवा बाकी नदी के किनारे अवस्थित शनिदेव मंदिर में बुधवार को मंदिर का छठवां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। शनि देव मंदिर की स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर प्रांगण में कमेटी की ओर से साफ सफाई कर मंदिर परिसर को रंगीन रोशन फूल मालाओं से सजाया गया। प्रातः कालीन शुभ मुहूर्त में शनि भगवान की आदमकत प्रतिमा को पंचतत्व से स्नानादि करवा कर अभिषेक किया गया। बाद में मुख्य प्रतिमा का श्रंगार कर विधिवत पूजा अर्चना किया गया। इस दौरान मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई। इसके बाद मंदिर पुजारी भोला उपाध्याय एवं नंदकिशोर दास महंत जी के वैदिक मंत्रोचार के बीच मुख्य यजमान मोहन तिवारी द्वारा शनि भगवान की मंगला आरती उतार कर प्रसादी का भोग लगाया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे दिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शनि भगवान के समक्ष तेल सिंदूर नारियल मेवा का प्रसाद चढ़कर शनि भगवान के चरणों में शीश झुका कर मन्नते मांगी। स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर प्रांगण में 12 घंटे का अखंड जाप किया गया। वहीं रात्रि में भव्य भंडारा का भी आयोजन किया गया था। अखंड कीर्तन कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विक्रांत सिंह उर्फ सोनू ने दीप प्रज्वलित विधिवत शुभारंभ किया। मौके पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विक्रांत सिंह उर्फ सोनू ने बताया कि शनि मंदिर का छठा स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। भंडारे का आयोजन किया गया था जिसमें सैकड़ो श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कमेटी के सभी सदस्यों को सहृदय धन्यवाद दिया है। मौके पर गुलाब पासवान, अशोक चंद्रवंशी, प्रदीप रवि, सुदामा द्विवेदी, खखनू पासवान, ब्रजेश उपाध्याय, रवि रंजन त्रिपाठी, डॉ मुनेश्वर तिवारी, उदय नारायण सिंह, अशोक तिवारी, सुभाष पासवान, योगेंद्र तिवारी, मिथिलेश तिवारी, संतोष तिवारी, देवेंद्र कुशवाहा, विनय सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।