कांडी : थाना क्षेत्र के भीम बाराज कोयल नदी पुल के गेट नम्बर बीस से पानी में तैरती हुई एक अज्ञात शव कांडी पुलिस द्वारा बरामद किया गया। शव पूरी तरह से नग्न है सिर्फ एक फटा हुआ जांघिया ही शव पर मौजूद है, शव के दाहिने हाथ में तीन ही अंगुली है, बायें हाथ में स्टील का चैन बंधा हुआ है, जबकि दाहिने पैर में एक काला धागा भी बंधा हुआ है। देखने से शव लगभग 30 से 35 वर्षीय व्यक्ति का लग रहा है।
शव को शनिवार की शाम को ही भीम बाराज पुल में तैरते हुए देखा गया था, जिसके बाद कांडी पुलिस द्वारा शव बाहर निकालने का प्रयास किया गया लेकिन पानी ज्यादा होने व अंधेरा होने के चलते सफलता नहीं मिली।
रविवार को थाना प्रभारी राम अवतार के नेतृत्व में पहुंची कांडी पुलिस द्वारा एक तैराक को नीचे गेट पर उतार कर तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।
थाना प्रभारी राम अवतार ने बताया कि शव पूरी तरह से सड़ी हुई है, शव को पोस्टमार्टम हेतु गढ़वा भेजी जायेगी। मौके पर प्रशिक्षु दरोगा एस. के मेहता व राहुल सहित कई पुलिस के जवान मौजूद थे।