बंशीधर नगर (गढ़वा) : यूरिया खाद की कालाबाजारी की शिकायत मिलने के बाद रविवार को जिला कृषि पदाधिकारी ने जांचोपरांत शिकायत सही पाये जाने के बाद हेंन्हो मोड़ स्थित श्रीनाथ इंटरप्राइजेज की अनुज्ञप्ति रदद् करते हुए दुकान को सील कर दिया।
ज्ञात हो कि यूरिया खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को जिला कृषि पदाधिकारी लक्ष्मण उरांव ने श्रीनाथ इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर को उचित मूल्य पर खाद बेचने का निर्देश दिया था तथा प्रभारी कृषि पदाधिकारी उमेश राम व एटीएम दयानंद पांडेय को खाद वितरण कराने के लिए प्रतिनियुक्त किया था। जानकारी के अनुसार शनिवार को उक्त अधिकारियों की उपस्थिति में भी किसानों को खाद के साथ जाइम लेने के लिए विवश किया गया था।
जाइम नहीं लेने वाले किसानों को खाद नही मिलने तथा बिक्रेता द्वारा दुकान बंद कर दिए जाने की शिकायत प्रतिनियुक्त अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से किया था।
शिकायत मिलने के बाद रविवार को जिला कृषि पदाधिकारी लक्ष्मण उरांव ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार के साथ खाद दुकान पर पहुंचकर खाद दुकान को सील कर दिया। इस सम्बंध में पूछे जाने पर जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि बार-बार यूरिया के कालाबजारी की शिकायत मिलने के बाद जांचोपरांत शिकायत सही पाये जाने के बाद दुकान की अनुज्ञप्ति रदद् करते हुए दुकान सील कर दिया गया।
मौके पर कनीय अभियंता राजीव कुमार, संजय कुमार, धनन्जय कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।