गढ़वा :
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि अलख निरंजन चौबे ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राजीव गांधी भारत में कंप्यूटर युग के जनक थे। उन्होंने देश को सूचना क्रांति में ले जाने का कार्य किया था।
श्री राजीव एक दूरदर्शी नेता थे। 18 वर्ष के युवाओं को मतदान देने का अधिकार भी उन्होंने ही दिया था। अपने पारदर्शी एवं दूरदर्शी चिंतन के बदौलत देश को 21 वीं सदी में ले जाने की कल्पना करने वाले वो अकेले नेता थे। गांधी जी के स्वराज के मंत्र को उन्होंने सत्ता के विकेंद्रीकरण के रूप में धरातल पर उतारने का काम किया और पंचायती राज संस्थाओं की मजबूत नींव रखी।
अपने प्रधानमंत्रित्व काल में उन्होंने भारत को एक नया आयाम देने का काम किया। जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना का श्रेय इनको ही जाता है। प्राथमिक स्तर पर ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड आंदोलन चलाने का काम इन्होंने किया था। समाज के सभी वर्ग के बच्चे इससे लाभान्वित हुए थे। जवाहर रोजगार योजना को चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का उनका प्रयास सराहनीय रहा था। आज उनकी पुण्यतिथि है। इन्होंने अपने कार्यकाल में अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के लिए जो योजनाएं चलाईं वो भारतीय इतिहास के सुनहरे पन्ने में सदा दर्ज रहेंगे।