गढ़वा : वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर इस वर्ष मुहर्रम के सात तारीख को होने वाली गढ़वा प्रखंड के हूर मध्या गांव स्थित अब्दुल लतीफ बियाबानी रहमतुल्लाह अलैह (अनजान शहीद रहमतुल्लाह अलैह) के सालाना उर्स -ए -पाक के मौके पर मेला का आयोजन नहीं किया जाएगा।
उक्त बातें अंजान शहीद कमेटी हूर मध्या के अध्यक्ष कुदुस खान ने एक प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आज 22 अगस्त को गढ़वा थाना प्रभारी व अंचल पदाधिकारी तथा अनजान शहीद वक्फ कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक संपन्न हुई। गढ़वा पुलिस व प्रशासन के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सात मुहर्रम के अवसर पर अंजान शहीद मजार शरीफ के परिसर में किसी प्रकार का मेला का आयोजन नहीं किया जाएगा।
साथ ही किसी समाजिक संगठन व स्वयं कमेटी की ओर से कोई मंच नहीं बनाया जाएगा। परिसर में कोई ठेला व दुकान नहीं लगाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि धारा 144 को देखते हुए पांच व्यक्तियों से अधिक लोग एक जगह पर इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि अनजान शहीद हूर मध्या के श्रद्धालुओं व अकीदतमंदों से कमेटी आग्रह करती है कि सात मुहर्रम दिन गुरुवार को अपने अपने घरों पर ही हजरत अनजान शहिद रहमतुल्लाह अलैह की फ़ातेहाखानी करें। ताकि हम सारे लोग कोरोना वायरस की महामारी के प्रकोप से अपने आप को बचा सके। उन्होंने कहा है कि हमारी थोड़ी सी असावधानी मुसीबत बन सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुसरण करें। कुदुस खान ने कहा है कि उक्त विषय को लेकर प्रचार प्रसार कमेटी द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र से भी किया जाएगा।
इस अवसर पर कुदुस खान के अलावे कमेटी के खजांची फासिउल्लाह खान व मोहम्मद मुर्तुजा उपस्थित थे।